जयपुर डेस्क । Rajasthan के भीलवाड़ा से रिश्तों को तार-तार करने वाला एक मामला सामने आया है। बताया गया है कि 3 पोतों ने अपनी दादी के साथ जो किया है वो किसी को भी हैरान करने वाला है। मामला करेड़ा थाना क्षेत्र के बाडिया गांव का बताया जा रहा है जहां 3 पोतों ने अपनी ही दादी की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने अब शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दादा के साथ भी की मारपीट
पुलिस को तीनों आरोपियों के पिता ने बुलाया और बताया की तीनों पोतों ने मिलकर अपनी ही दादी की हत्या कर दी। उनका कहना है कि पहले उनके साथ मारपीट की गई और उसके बाद जब बीच-बचाव के लिए दादी आई तो उन्होंने पहले दादी की आंखों में मिर्ची डाली और फिर उसे घसीटते हुए लेकर बाहर चले गए। इसके बाद तीनों ने मिलकर दादी के उपर कुल्हाड़ी से कई वार किए जिससे मौके पर ही दादी की मौत हो गई।
करेड़ा पुलिस ने कहा शव देखकर…
करेड़ा पुलिस में कार्यरत एक सिपाही ने बताया कि शव को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि उनके साथ पहले मारपीट की गई है। हालांकि उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। बता दें कि आस-पास के लोगों ने कहा कि शव की आंखों में मिर्ची साफ देखी जा सकती थी। वहीं दुकानदार ने भी पोतों के मिर्ची खरीदने वाली बात को सही बताया है।
शराब के आदी थे पोते और…
घटना के बाद से आस-पास के लोगों में भय का माहौल है। पड़ोसियों का कहना है कि तीनों पोते शराब के नशे के आदी थे। उन्होंने बताया कि वो लगातार शराब के नशे में डूबे रहते थे औऱ अक्सर इस बात को लेकर दादी-पोते में झगड़े भी होते रहते थे। हालांकि उनका कहना है कि हमने ये कभी नहीं सोचा था कि एक दिन स्थिति इस कदर खराब हो जाएगी।
