जयपुर डेस्क । दिल्ली में हुए ब्लास्ट को अभी 1 हफ्ता भी नहीं हुआ था की जम्मू-कश्मीर के Srinagar में एक पुलिस स्टेशन में ब्लास्ट की खबर सामने आ गई। बताया जा रहा है कि श्रीनगर के नौगाम पुलिस थाने में शुक्रवार रात करीब 11:22 बजे बड़ा धमाका हुआ। इस ब्लास्ट में 9 लोगों की मौत हो गई और 32 लोग घायल हो गए। घायलों को 92 आर्मी बेस और SKIMS सौरा हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया हैं, जहां इनका इलाज चल रहा है।
विस्फोटक सैंपलिंग के दौरान हुआ हादसा
इस मामले पर जम्मू-कश्मीर के DGP नलिन प्रभात ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया कि, यह घटना कोई आतंकी हमला या साजिश नहीं है, बल्कि विस्फोटक की सैंपलिंग के दौरान हुई है। Srinagar में फरीदाबाद से जब्त किए गए विस्फोटक की सैंपलिंग की प्रक्रिया दो दिन से चल रही थी । शुक्रवार को रात करीब 11.22 पर SFL टीम सैंपल ले रही थी, कि उसी दौरान ये हादसा हो गया। यह ब्लास्ट इतना भयानक था कि थाने की बिल्डिंग का एक हिस्सा पूरी तरह से नष्ट हो गया।
इस हादसे में 9 लोग मारे गए, जिनमें एक इंस्पेक्टर, 3 फॉरेंसिक टीम मेंबर, 2 क्राइम ब्रांच फोटोग्रॉफर, 2 राजस्व अधिकारी और एक दर्जी शामिल है। इस घटना घायल होने वाले 32 लोगों में 27 पुलिसकर्मी, 2 राजस्व अधिकारी और 3 नागरिक शामिल है।
फरीदाबाद से जब्त हुआ था विस्फोटक पदार्थ
आपको बता दें कि यह घटना फरीदाबाद से जब्त की गई अमोनियम नाइट्रेट की वजह से ही हुआ है। बीते दिनों यह विस्फोटक हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार डॉ. मुजम्मिल गनई के किराए के घर से जब्त किया गया था।जांच के लिए इस विस्फोटक पदार्थ को Srinagar लाया गया था। फिलहाल गनई को पुलिस ने दिल्ली ब्लास्ट केस में पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि डॉ. मुजम्मिल जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हुआ था।
