मणिपुर में घात लगाकर किए गए हमले में शामिल संदिग्ध उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर में पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने बिष्णुपुर जिले में असम राइफल्स के जवानों पर हाल ही घात लगाकर किये गये हमले में कथित रूप से शामिल एक संदिग्ध उग्रवादी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। इस हमले में असम राइफल्स के दो जवान शहीद हो गए और पांच घायल हो गए।


पुलिस सूत्रों के मुताबिक इंफाल पश्चिम जिले के कामेंग इलाके में सशस्त्र उग्रवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने पर जिला पुलिस इंफाल पश्चिम, बिष्णुपुर पुलिस, 33 असम राइफल्स और अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने आज एक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान, इंफाल पश्चिम के अवांग लेइकिन्थाबी अवांग लेइकाई निवासी खोमद्रम ओजित सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।


पुलिस ने कहा कि ओजित ने स्वीकार किया कि वह पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) का जमानत पर रिहा किया गया सदस्य है और कहा कि वह अब भी इस समूह से जुड़ा हुआ है। उसने यह भी बताया कि उसे पहले 22 अप्रैल, 2007 को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में यह भी पता चला कि ओजित गत 19 सितंबर को सबल लेईकाई, नाम्बोल में 33 असम राइफल्स के जवानों पर घात लगाकर किए गए हमले में सीधे तौर पर शामिल था।


उन्होंने बताया कि ओजित की निशानदेही पर सुरक्षा बलों ने हथियारों और संबंधित वस्तुओं का बड़ा जखीरा बरामद किया, जिसमें चार मैगज़ीन वाली एक ए-4 राइफल, दो मैगज़ीन वाली एक एचके राइफल, पाँच मैगज़ीन वाली दो एके राइफल और तीन मैगज़ीन वाली एक इंसास राइफल शामिल हैं। इसके अलावा, तीन लेथोड शेल, 170 राउंड एके गोला-बारूद, 216 राउंड एम-16 गोला-बारूद, 67 राउंड इंसास गोला-बारूद, एक मोबाइल हैंडसेट, एक बटुआ और एक आधार कार्ड भी बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ जारी है और कई सुराग मिले हैं तथा अन्य लोगों को पकड़ने के लिए भी छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *